काठमांडू, 30 अगस्त।
चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के बाद केरूंग में 546 लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इनमें 23 देशों के 261 विदेशी नागरिक शामिल हैं। चीन के अधिकारियों के अनुसार, लापता लोगों में 104 नेपाली और 49 भारतीय नागरिक हैं।
लापता विदेशी नागरिकों में नेपाल के लोगों की संख्या सबसे ज्यादा है। इसके बाद भारत के 49, लातविया के 33, अमेरिका के 18 और ब्रिटेन के 15 नागरिक लापता हैं। कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के छह-छह नागरिकों के लापता होने की जानकारी है।
दक्षिण अफ्रीका के चार नागरिक लापता हैं। मलेशिया, जर्मनी और रूस के तीन-तीन नागरिकों का पता नहीं चल पाया है। फ्रांस, न्यूजीलैंड, एस्टोनिया और आयरलैंड के दो-दो नागरिक लापता हैं।
फिनलैंड, नीदरलैंड, लिथुआनिया, पुर्तगाल, यूक्रेन, स्पेन और हंगरी के एक-एक नागरिक भी लापता बताए गए हैं।
चीन के अधिकारियों ने लापता विदेशी नागरिकों की जानकारी संबंधित देशों के दूतावासों और वाणिज्य दूतावास सेवाओं को औपचारिक रूप से दे दी है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय, सार्वजनिक सुरक्षा, संस्कृति एवं पर्यटन और आपातकालीन प्रबंधन समेत विभिन्न विभागों के संयुक्त जांच और समन्वय के बाद तैयार की गई है।















