मैनपुरी, 01 सितंबर।
हरियाणा के पलवल में मंगलवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसे में 14 अन्य श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हरियाणा सरकार से घायलों के समुचित उपचार के संबंध में बात की और अधिकारियों को मृतकों के शव उनके परिजनों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
मैनपुरी के किशनी क्षेत्र से श्रद्धालुओं का एक जत्था मैक्स पिकअप वाहन से धार्मिक यात्रा पर निकला था। सोमवार शाम सभी श्रद्धालुओं ने राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन किए थे।
दर्शन के बाद जत्था वृंदावन के लिए रवाना हुआ था। मंगलवार सुबह पलवल में केएमपी एक्सप्रेसवे पर उनका वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गया।
हादसा इतना भीषण था कि पिकअप में सवार मैनपुरी के विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में सुनील, श्वेता यादव, बीरेश, उमेद, विनोद कुमार, सरला, रूबी, रामसेवक, रवि, वाणी, वीनू, तन्नू, रेखा और गोरा देवी सहित 14 श्रद्धालु घायल हुए हैं।
पुलिस के अनुसार सभी घायलों को पलवल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।















