मुंबई, 02 सितंबर।
वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और स्वतंत्रता सेनानी 89 वर्षीय अन्ना हजारे की सेहत में सुधार बताया गया है। मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती हजारे चिकित्सकों की सलाह के अनुसार भोजन भी कर रहे हैं।
उनके सहयोगी दत्ता टावरी ने बुधवार को बताया कि चिकित्सकों ने जांच के बाद उनकी हालत में सुधार पाया है। हालांकि पूरी तरह स्वस्थ होने तक उन्हें निगरानी में रखा जाएगा और फिलहाल दो दिन और अस्पताल में भर्ती रहना होगा।
अन्ना हजारे को सोमवार को दक्षिण मुंबई स्थित बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान उनकी किडनी में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें रालेगण सिद्धि से मुंबई लाया गया था।
पिछले सप्ताह उन्हें अहिल्यानगर के एक अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। वहां उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ था, लेकिन किडनी में संक्रमण सामने आने पर बेहतर उपचार के लिए उन्हें मुंबई के बॉम्बे अस्पताल भेजा गया।
अब चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है और स्वास्थ्य में सुधार को देखते हुए उन्हें कुछ और समय अस्पताल में रखने का निर्णय लिया गया है।















