काबुल, 07 सितंबर।
अफगानिस्तान में रविवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.1 दर्ज की गई। यह झटका भारतीय समयानुसार सुबह 5 बजकर 36 मिनट 22 सेकंड पर आया।
भूकंप का केंद्र 36.114 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 70.820 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसका केंद्र जमीन की सतह से 130 किलोमीटर की गहराई में रहा। इस भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना सामने नहीं आई है।
इससे पहले एक सितंबर को ताखर प्रांत के फरखार जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.4 मापी गई थी।
एक सितंबर की रात 11 बजकर 51 मिनट पर आया यह भूकंप जमीन की सतह से 212.6 किलोमीटर की गहराई में दर्ज हुआ था। इसके बाद दो सितंबर की तड़के राजधानी काबुल समेत देश के कुछ अन्य हिस्सों में भी धरती हिली थी।
भौगोलिक स्थिति के कारण अफगानिस्तान भूकंप की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील देशों में शामिल है। पिछले वर्ष 31 अगस्त और एक सितंबर की रात पूर्वी अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में जलालाबाद के पास तथा कुनार क्षेत्र में 6.0 तीव्रता के भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी।
उस आपदा में 2,200 से अधिक लोगों की जान चली गई थी और 3,600 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। भूकंप के कारण करीब 6,700 से अधिक मकान पूरी तरह नष्ट हो गए या क्षतिग्रस्त हुए थे।















