भंडारा, 11 सितंबर।
महाराष्ट्र के भंडारा जिले की लाखनी तहसील में पिंपलगांव के पास नागपुर-रायपुर राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह ट्रक और बोलेरो की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई और नौ अन्य घायल हुए हैं। हाइवे पुलिस ने घायलों को भंडारा के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर घायलों को नागपुर रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ की कुछ महिलाएं और अन्य मजदूर बोलेरो से नागपुर जा रहे थे। लाखनी के पिंपलगांव क्षेत्र में पेट्रोल पंप और भाऊचा ढाबा के पास राजमार्ग के किनारे खड़े ट्रक से बोलेरो टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आठ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक घायल की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतकों में छह महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। हादसे में घायल नौ लोगों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गड़ेगांव स्थित हाइवे पुलिस राहत केंद्र के प्रमुख रवींद्र रेवतकर अपने साथियों और भंडारा पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से पुलिस और बचाव दल ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान करने में जुटी है।















