हरिद्वार, 14 सितंबर।
हरिद्वार में आगामी अर्द्धकुंभ के नाम पर चल रहे विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पवित्र कुंभ आयोजन को कथित भ्रष्टाचार और अनियोजित निर्माण का माध्यम बना रही है, क्योंकि वर्तमान में लगभग सात सौ नौ करोड़ रुपये के निर्माण कार्य चल रहे हैं जिनकी पारदर्शिता और गुणवत्ता को लेकर जनता के मन में तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं।
अमन गर्ग ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस बेहतर सड़कों, घाटों और आधुनिक सुविधाओं के खिलाफ नहीं है, लेकिन जनता के पाई-पाई का हिसाब पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इतने बड़े बजट की सभी परियोजनाओं की विस्तृत सूची, स्वीकृत लागत, डीपीआर, टेंडर प्रक्रिया और समयसीमा का पूरा विवरण एक सार्वजनिक पोर्टल पर अपलोड किया जाए ताकि हर कोई इसकी सच्चाई जान सके।
सतीकुंड के पुनरोद्धार पर खर्च होने वाली इकसठ करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इतने सीमित क्षेत्र में इतना बड़ा बजट खर्च करने का मदवार ब्योरा जनता के सामने रखा जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी चेताया कि यदि विकास कार्यों में किसी भी तरह की अनियमितता या घटिया सामग्री का इस्तेमाल सामने आया, तो कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर न्यायालय तक इसका कड़ा विरोध करेगी।














