सुरेंद्रनगर, 26 सितंबर।
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। दसाडा-शंखेश्वर हाईवे पर तेज रफ्तार ईको कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई। हादसे में कार सवार चेन्नई और मुंबई के दो लोगों की जान चली गई, वहीं ट्रक के क्लीनर की भी करंट लगने से मौत हो गई।
दसाडा पुलिस के अनुसार, वडगाम और पानवा गांव के बीच हुए इस हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान चेन्नई निवासी राजेश शेढिया और मुंबई निवासी अजीत जैन के रूप में हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पाटडी सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद ट्रक का क्लीनर मौके से घबराकर भाग गया और पास के खेत की ओर चला गया। बताया गया कि खेत में फसल की सुरक्षा के लिए लगाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से उसे तेज करंट लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, इस दुर्घटना में चार से पांच लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। ईको कार चालक मलेक ईश्वर को उपचार के लिए विरमगाम के शिव अस्पताल ले जाया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद दसाडा पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे कार टकराने से यह हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है।














