जयपुर, 06 अक्टूबर।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर कमिश्नरेट के प्रताप नगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) सुखदेव जाट को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने थाने में दर्ज एक मामले में प्रभावी पैरवी करने, परिवादिया की मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और चालान पेश करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के बाद एसीबी ने रिश्वत मांगने की पुष्टि के लिए सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक अर्चना मीणा के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। मंगलवार को कार्रवाई के दौरान एएसआई ने परिवादिया से 10 हजार रुपये लिए और रकम अपनी खाकी वर्दी की पैंट की जेब में रख ली। इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने उसे पकड़ लिया और पूरी रकम बरामद कर ली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवादिया से संबंधित कार्य और दर्ज मुकदमे की जांच एएसआई सुखदेव जाट के पास लंबित थी। एसीबी के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मुकदमे में मदद और आरोपी की गिरफ्तारी सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रिश्वत मांगी जा रही थी। सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई की गई और रिश्वत लेते ही एएसआई को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और रिश्वत मांगने तथा लेने से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।













