नई दिल्ली, 8 अक्टूबर।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान तीन पत्रकारों के साथ दिल्ली पुलिसकर्मियों द्वारा कथित यौन उत्पीड़न की घटना का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर मामले में दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है।
मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, 3 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग को लेकर विपक्षी दलों सहित कई संगठनों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था।
इसी प्रदर्शन के दौरान तीन पत्रकारों के साथ दिल्ली पुलिसकर्मियों द्वारा कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया। घटना को लेकर दिल्ली जिला पुलिस को शिकायतें मिली थीं।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने बताया कि प्राप्त शिकायतों को जांच के लिए दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंपा गया है। आयोग ने अब दिल्ली पुलिस आयुक्त से इस पूरे मामले में कार्रवाई और जांच की स्थिति सहित विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
आयोग की ओर से मांगी गई रिपोर्ट दो सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करनी होगी।













