ढाका (बांग्लादेश), 08 अक्टूबर।
बांग्लादेश में शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों, मंदिरों तथा प्रतिमा निर्माण स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी बांग्लादेश अंसार एंड विलेज डिफेंस पार्टी (वीडीपी) को दी गई है। गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाले इस सहायक अर्धसैनिक बल ने देशभर में पूजा आयोजनों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा योजना के तहत अंसार-वीडीपी के जवानों ने प्रतिमा निर्माण स्थलों, दुर्गा पूजा पंडालों और मंदिरों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। बल के अधिकारी आयोजन समितियों, मंदिर प्रबंधन और प्रतिमा निर्माताओं से संपर्क कर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी जुटा रहे हैं। ये तैयारियां बल के महानिदेशक मेजर जनरल अब्दुल मोतालेब सज्जाद महमूद के निर्देश पर जिला और उपजिला स्तर पर की जा रही हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों को किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। महानिदेशक ने पूजा पंडालों में अनुशासन और समग्र सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने पर भी जोर दिया है। इसके अलावा प्रमुख दुर्गा पूजा स्थलों पर अंसार-वीडीपी के सदस्यों की तैनाती की योजना तैयार की जा रही है। इस व्यवस्था का उद्देश्य नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं तथा आयोजकों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना और संभावित आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटना है।













