सुकमा, 8 अक्टूबर।
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में अनुपयोगी और खराब विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान हुए आकस्मिक विस्फोट में सीआरपीएफ के चार जवान घायल हो गए। इनमें दो जवानों की हालत गंभीर बताई गई है। बस्तर आईजी ने हादसे की पुष्टि की है।
पुलिस के मुताबिक सुकमा के पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलामडगु कैंपों में जमा खराब, अनुपयोगी और बचे हुए विस्फोटकों को सुरक्षा मानकों के तहत नष्ट किया जा रहा था। इसके लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम एलामडगु कैंप पहुंची थी।
विनष्टीकरण की प्रक्रिया थाना भेज्जी क्षेत्र में कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास चल रही थी। इसी दौरान अचानक विस्फोटक का एक हिस्सा उड़कर पास में जा गिरा, जिससे वहां ब्लास्ट हो गया। ड्यूटी पर तैनात जवान इसकी चपेट में आ गए।
बस्तर आईजी के अनुसार घायल जवानों में जगदलपुर से आई एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम और सीआरपीएफ की 50वीं वाहिनी के सदस्य शामिल हैं।
हादसे में एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम के एएसआई एमके तिवारी और सीआरपीएफ की 50वीं वाहिनी के एएसआई अनीश खान को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं टीम के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई हैं।
सभी घायलों को शासकीय अस्पताल कोंटा में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल जवानों को जरूरत के अनुसार रायपुर रेफर किया जा रहा है।














