मुंबई, 09 अक्टूबर।
विश्वभर के हिंदू नेतृत्व के सबसे बड़े वैश्विक समागम 'वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस' (डब्ल्यूएचसी) का इस वर्ष का तीन दिवसीय भव्य आयोजन देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में 18 से 20 दिसंबर तक किया जाएगा। इस प्रतिष्ठापूर्ण सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे, जबकि इसमें 60 से अधिक देशों से 4,000 से अधिक प्रतिष्ठित प्रतिनिधियों के सम्मिलित होने की संभावना जताई जा रही है।
'समानं व्रतं सह चित्तम् – साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प' थीम पर आधारित इस महाकुंभ में अर्थव्यवस्था, शिक्षा, मीडिया, राजनीति, युवा सशक्तिकरण और हिंदू संगठनों जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर कुल 45 से अधिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 150 से अधिक प्रख्यात वक्ता अपने विचार साझा करेंगे। इस वर्ष सम्मेलन में भाषा, समाज, विश्वकर्मा और धर्म विषयों पर चार विशेष प्लेनरी सत्र भी रखे गए हैं, जिनमें आध्यात्मिक गुरुओं से लेकर विभिन्न क्षेत्रों के दिग्गज हिस्सा लेंगे। इसके अतिरिक्त, वैश्विक हिंदू समुदाय के व्यापार और वाणिज्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस बार पहली बार 'वर्ल्ड हिंदू एक्सपो' का भी विशेष आयोजन किया जा रहा है।














