नई दिल्ली, 09 अक्टूबर।
आगामी 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी में होने वाले संभावित विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) को एक पत्र लिखकर कुल 57 प्रमुख मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश तथा निकास द्वारों को शुक्रवार रात नौ बजे से एहतियातन बंद करने के लिए आवश्यक तैयारियां करने का आग्रह किया है। पुलिस अधिकारियों का यह भी अनुरोध है कि स्थिति पूरी तरह से सामान्य होने तक शनिवार को भी इन स्टेशनों पर पाबंदियां जारी रखी जाएं, हालांकि इन स्टेशनों को बंद किए जाने के संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
पुलिस के संयुक्त आयुक्त (परिवहन रेंज) द्वारा डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक को भेजे गए इस पत्र में यह हवाला दिया गया है कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर और अन्य संवेदनशील इलाकों में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया गया है, जिसके चलते भीड़ के संवेदनशील क्षेत्रों की तरफ बढ़ने की आशंका बनी हुई है। जिन 57 स्टेशनों पर पाबंदी लगाने का सुझाव दिया गया है उनमें जनपथ, राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, मंडी हाउस, आईटीओ, कश्मीरी गेट, और हौज खास समेत कई प्रमुख इंटरचेंज और व्यस्ततम स्टेशन शामिल हैं, साथ ही पुलिस ने इन मार्गों से गुजरने वाली मेट्रो ट्रेनों की आवाजाही की आवृत्ति को भी कम करने पर विचार करने का निर्देश दिया है।













