गुवाहाटी, 9 अक्टूबर।
असम सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुक्केबाज तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की अध्यक्षता में दिसपुर स्थित लोक सेवा भवन में हुई कैबिनेट बैठक में लवलीना बरगोहाईं की मुक्केबाजी अकादमी के लिए तीन बीघा जमीन मात्र एक रुपये के प्रीमियम पर आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की गौरवशाली मुक्केबाज लवलीना बरगोहाईं के सहयोग से असम में और अधिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी उद्देश्य से सरकार ने यह निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, गुवाहाटी के पलाशबाड़ी राजस्व चक्र क्षेत्र में लवलीना बॉक्सिंग अकादमी स्थापित की जाएगी। इसके लिए तीन बीघा भूमि के आवंटन पर लगने वाले प्रीमियम शुल्क को घटाकर केवल एक रुपये करने के प्रस्ताव को कैबिनेट ने स्वीकृति दी है।













