किशनगंज, 9 अक्टूबर।
बिहार के किशनगंज जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर शुक्रवार को खनन विभाग और किशनगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान सालकी के पास अवैध बालू से लदे चार ट्रैक्टर पकड़े गए। जब्त वाहनों पर कुल 4.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल मच गई है। संयुक्त टीम ने जांच के दौरान बालू लेकर जा रहे वाहनों की पहचान कर उन्हें जब्त किया। इस कदम को जिले में अवैध खनन और बालू के गैरकानूनी परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनन नियमों का उल्लंघन कर बालू निकालने और उसका परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने और नियमों की अनदेखी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
खान निरीक्षक सुनील कुमार ने कहा कि जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पकड़े जाने पर वाहनों को जब्त करने, जुर्माना लगाने और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का प्रावधान लागू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए छापेमारी अभियान लगातार चलाया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से संकेत मिला है कि अवैध बालू कारोबार पर निगरानी और सख्त की जाएगी।














