देहरादून, 10 अक्टूबर।
उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) आगामी 11 से 17 अक्टूबर तक राज्यव्यापी 'उत्तराखंड उत्थान यात्रा' का आयोजन करने जा रहा है। हल्द्वानी से शुरू होकर कुमाऊं मंडल के सभी विधानसभा क्षेत्रों से गुजरने वाली इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में मूल निवास, सख्त भू-कानून, युवाओं को रोजगार, पलायन पर रोक और राज्य के संसाधनों पर स्थानीय निवासियों का प्रथम अधिकार सुनिश्चित करने जैसे ज्वलंत मुद्दों पर जनजागरण अभियान चलाना है। उक्रांद के केंद्रीय सह मीडिया प्रभारी प्रकाश भट्ट द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, दल के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने शनिवार को प्रदेशवासियों, महिलाओं, युवाओं, राज्य आंदोलनकारियों और सामाजिक संगठनों से इस यात्रा को एक व्यापक जन आंदोलन बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
उक्रांद नेतृत्व का कहना है कि जिस सोच और लंबे जनसंघर्ष के बल पर अलग उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ था, उसके मूल सपनों को साकार करने के लिए अब एकजुट सामूहिक प्रयासों की नितांत आवश्यकता है। अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती के अनुसार, प्रदेश में युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित करने, पहाड़ों से हो रहे पलायन को स्थायी रूप से थामने और राज्य की क्षेत्रीय अस्मिता तथा जन-अधिकारों की रक्षा के लिए जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। इस यात्रा के माध्यम से उत्तराखंड के संसाधनों पर स्थानीय लोगों के हक और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य से जुड़े प्राथमिक मुद्दों को राजनीतिक पटल पर मजबूती से उठाने का निर्णय लिया गया है।














