गुवाहाटी, 10 अक्टूबर।
महालया के पावन अवसर पर गुवाहाटी के पांडु घाट पर शनिवार सुबह पितरों के निमित्त तर्पण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। चंडीपाठ की गूंज के बीच देवी पक्ष की शुरुआत हुई और ब्रह्मपुत्र नदी के तट पर धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला सुबह से ही जारी रहा।
हर वर्ष की परंपरा के अनुसार, पांडु भारत सेवाश्रम संघ की ओर से घाट पर तिल तर्पण का आयोजन किया गया। सुबह करीब चार बजे से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। पांडु के अलावा गुवाहाटी और आसपास के इलाकों से भी लोग स्नान और पूर्वजों के लिए तर्पण करने आए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वामी वरुणानंद महाराज और सुब्रत महाराज ने स्थानीय पार्षद कल्लोल चक्रवर्ती के सहयोग से आयोजन से दो-तीन दिन पहले ही घाट की सफाई कराई थी। इससे लोगों को स्नान और धार्मिक विधियां पूरी करने में सुविधा मिली।
अनुष्ठान संपन्न होने के बाद आश्रम की ओर से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। महालया के मौके पर घाट के आसपास छोटे दुकानदारों ने खानपान और खिलौनों की दुकानें भी लगाईं। धार्मिक गतिविधियों और लोगों की भीड़ से पांडु घाट पर उत्सवी माहौल बना रहा।














