हरिद्वार, 10 अक्टूबर।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा शनिवार को तीर्थनगरी हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध नारायणी शिला मंदिर में विधि-विधान के साथ अपने पितरों के निमित्त तर्पण, श्राद्ध और नारायण बलि का अनुष्ठान संपन्न किया। पिछले 12 वर्षों से नियमित रूप से यहां पूजा-अर्चना करने आ रहे असम के मुख्यमंत्री ने अपने परिवार के साथ इस पावन अवसर पर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर दिल्ली में हो रहे विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को आड़े हाथों लिया और इसे चुनाव हारने से उपजी हताशा का तमाशा करार दिया।
विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार चुनावी पराजय झेलने के कारण विपक्षी नेता पूरी तरह फ्रस्ट्रेट हो चुके हैं और जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मजबूती से खड़ी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से मिलने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति से कोई भी मिल सकता है और सुप्रीम कोर्ट में भी प्रतिदिन हजारों लोग जाते हैं, वहीं सीजेपी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को कॉकरोच कहते हैं, उन पर बात करना बेमानी है। सरमा ने आरोप लगाया कि विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त के बहाنے सरकार को ब्लैकमेल करने की असफल कोशिश कर रहा है, जिससे सरकार डरने वाली नहीं है।














