इंफाल, 12 अक्टूबर।
मणिपुर में उग्रवाद और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के दौरान पुलिस ने एक उग्रवादी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो लोग मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपित हैं। 11 अक्टूबर को खुफिया सूचना के आधार पर सीडीओ-इंफाल ईस्ट की टीम ने इंफाल ईस्ट जिले के पोरोमपट थाना क्षेत्र में हट्टा जेएनआईएमएस रोड स्थित मुस्लिम गर्ल्स हॉस्टल के पास एक किराए के मकान में कार्रवाई की। यहां से बिष्णुपुर जिले के क्वाक्ता टेरा खोंग मानिंग निवासी मोहम्मद अमजद खान उर्फ मुमु (29) को पकड़ा गया। उसके पास से दो प्लास्टिक की बोतलों में करीब 62 ग्राम संदिग्ध हेरोइन नंबर-4 पाउडर और ट्रामाडोल के छह कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने चुराचांदपुर के एक मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ता से हेरोइन खरीदने और हट्टा व इंफाल ईस्ट के आसपास के क्षेत्रों में इसे स्थानीय नशा करने वालों को बेचने की बात बताई। इसी दिन सीडीओ-इंफाल वेस्ट की टीम ने खुफिया जानकारी पर पोरोमपट थाना क्षेत्र के खुराई लमलोंग इलाके में तलाशी अभियान चलाकर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन आरपीएफ/पीएलए के कथित सक्रिय सदस्य रॉकी पुखरामबम (20), उर्फ केइफा, को गिरफ्तार किया।
इससे पहले 10 अक्टूबर को सीडीओ-बिष्णुपुर और मोइरांग थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मोइरांग थाना क्षेत्र के टिड्डिम रोड स्थित ओक्षोबुंग में तलाशी और जांच के दौरान करीब 3.5 किलोग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर जब्त की थी। इस कार्रवाई में मोहम्मद अबीर खान (46) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से हीरो डेस्टिनी-125 दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया। पुलिस ने तीनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है और मादक पदार्थों की बरामदगी तथा उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े मामलों की आगे जांच की जा रही है।














