कैथल, 12 अक्टूबर।
हरियाणा के कैथल जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सीवन से 10.12 ग्राम हेरोइन और गांव क्योड़क से एक किलो 120 ग्राम गांजा बरामद किया है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक जसमेर सिंह की टीम सीवन क्षेत्र में गश्त कर रही थी। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने वाल्मीकि चौपाल के पास दबिश देकर दीपक निवासी सीवन को पकड़ा। मौके पर पहुंचे कैथल के आबकारी एवं कराधान अधिकारी रमन कुमार की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसकी जेब में रखी पन्नी से हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद थाना सीवन में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।दूसरी कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार की टीम ने क्योड़क की वाल्मीकि बस्ती में दबिश दी और लीला लाडी निवासी क्योड़क को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके हाथ में मौजूद काले पॉलीथिन से गांजा फूल-पत्ती मिली। इस संबंध में थाना सदर में मामला दर्ज किया गया और सहायक उपनिरीक्षक जगभान ने आरोपित को गिरफ्तार किया।














