मॉस्को, 12 अक्टूबर।
रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की संघर्ष समाप्त करने के लिए आवश्यक राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं दिखा रहे हैं। उनके अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का मानना है कि यूक्रेन को अब नए नेतृत्व की जरूरत है।
ट्रम्प ने शनिवार को कहा था कि जेलेंस्की के पास यूक्रेन संघर्ष का समाधान निकालने के कई अवसर थे, लेकिन उन्होंने उनका उपयोग नहीं किया। ट्रम्प ने कहा कि यूक्रेन को ऐसे नए नेता की जरूरत है, जो रूस के साथ समझौता कर सके। उन्होंने जेलेंस्की से देश में चुनाव कराने की भी बात कही।
पेस्कोव ने कहा कि ट्रम्प का मानना है कि यूक्रेन में अब नए राष्ट्रपति का समय आ गया है। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति को बेहद महत्वपूर्ण और कठिन निर्णय लेने होंगे।
क्रेमलिन प्रवक्ता के मुताबिक, जेलेंस्की को यह तय करना होगा कि वे युद्ध रोकने की जिम्मेदारी लेकर आवश्यक राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखाते हैं या नहीं। पेस्कोव ने दावा किया कि जेलेंस्की ने अब तक ऐसा नहीं किया है।












