कोरबा, 12 अक्टूबर।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार के मामले में भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को कोरबा के टीपी नगर में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना दिया और बाद में कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग उठाई।प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने किया। महापौर संजू देवी राजपूत सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता शामिल हुए। गोपाल मोदी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्राओं की शिकायत और कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद भी कांग्रेस की चुप्पी सवाल खड़े करती है। उन्होंने संबंधित सांसद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि मामले में संबंधित व्यक्ति को पद से हटाने के साथ सांसद के तौर पर उनकी जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के सम्मान से जुड़े मामले को गंभीरता से लिया जाना जरूरी है।महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार ने कहा कि नारी सम्मान और महिला सुरक्षा देश की संस्कृति तथा आत्मसम्मान से जुड़े विषय हैं। उन्होंने दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। प्रदर्शन में भोजराम देवांगन, संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, योगेश जैन, रुक्मणी नायर और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। भाजपा महिला मोर्चा ने मांग पूरी होने तक इस मुद्दे पर आवाज उठाते रहने की बात कही।














