प्रतिनिधिमंडल में ट्रस्ट के महासचिव रशपाल डिगरा, कोषाध्यक्ष एलडी गोरखा, सचिव हंसराज और अधिवक्ता अनुकूल भगत सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। सदस्यों ने शहीद भगत अमरनाथ के बलिदान को याद करते हुए न्याय, समानता और लोगों के अधिकारों के लिए उनके संघर्ष को श्रद्धांजलि दी।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पात्र और जरूरतमंद वर्गों को आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। इसके साथ ही उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने और सरकारी योजनाओं का लाभ संबंधित लोगों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
ट्रस्ट के सदस्यों ने अनुच्छेद 370 को आरक्षण, सामाजिक न्याय और क्षेत्र के विकास में बाधक बताते हुए प्रशासन से इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। उन्होंने प्रशासन और सामाजिक संगठनों के बीच संवाद को मजबूत बनाने की आवश्यकता भी जताई।
ट्रस्ट ने कहा कि वह शहीद भगत अमरनाथ के आदर्शों पर चलते हुए समाज कल्याण, लोगों के अधिकारों की रक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए अपने प्रयास जारी रखेगा।














