नई दिल्ली, 12 अक्टूबर।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन आयोजित करने को लेकर नई व्यवस्था लागू करने का फैसला किया गया है। गृह मंत्रालय की ओर से गठित समिति की सिफारिशों के आधार पर दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटाने का आदेश जारी किया है। अब प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली स्थित सीबी मैदान को चुना गया है। इन स्थानों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित करने के लिए संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अलग से जारी की जाएगी। यह आदेश 28 अप्रैल 2022 को जारी पुराने स्थायी आदेश में आंशिक संशोधन है। जंतर-मंतर पर लगातार होने वाले प्रदर्शनों और उनसे आम लोगों को होने वाली असुविधा के बीच यह बदलाव किया गया है। हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यहां प्रदर्शन करने का प्रयास किया था।
इस दौरान पार्टी प्रमुख अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली पहुंचने से पहले हिरासत में लिया गया था। खबर के अनुसार, उस प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम के दौरान करीब 45 मेट्रो स्टेशन बंद करने पड़े और कई ट्रेनें भी रद्द हुई थीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।इसी बीच, विपक्ष के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के यात्रियों के लिए संभावित यातायात बाधाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 30 स्थानों पर प्रतिबंध या मार्ग परिवर्तन किए जाने की आशंका जताई गई है। प्रभावित होने वाले संभावित मार्गों और चौराहों में धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान, पटेल चौक, पंचकुइयां, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, लोधी रोड फ्लाईओवर, भीकाजी कामा प्लेस और मोती बाग फ्लाईओवर शामिल हैं। इसके अलावा जंतर-मंतर रोड, अशोक रोड, संसद मार्ग और टॉलस्टॉय मार्ग पर भी यात्रियों को देरी या पाबंदियों का सामना करना पड़ सकता है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले संभावित रूट बदलावों को ध्यान में रखें और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्ग चुनें।














