रामबन, 13 अक्टूबर।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनिहाल के समीप नचलाना इलाके में सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ, जहां एक अनियंत्रित ट्रक लगभग 70 से 80 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल कंडक्टर का इलाज अस्पताल में जारी है। श्रीनगर से सामान लेकर गुजरात जा रहा यह ट्रक (RJ19GF/2267) देर रात हादसे का शिकार हो गया, जिसके बाद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को खाई से बाहर निकाला और उप-जिला अस्पताल बनिहाल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर निवासी सादिक खान के रूप में की गई है, वहीं घायल कंडक्टर सिकंदर भी बाड़मेर का ही निवासी है। पुलिस प्रशासन ने दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।













