इस्लामाबाद, 13 अक्टूबर।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित मुल्तान में मंगलवार तड़के एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जिसमें कम से कम छह यात्रियों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। कराची से पेशावर की ओर जा रही रहमान बाबा एक्सप्रेस शेर शाह ब्रिज के समीप अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे ट्रेन के सभी 14 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और घायलों को इलाज के लिए मुल्तान के निश्तर अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना तड़के लगभग 5:15 बजे घटी, जबकि एक यात्री ने दावा किया कि हादसे से कुछ समय पहले रोहरी के पास ट्रेन के नौवें कोच की तकनीकी मरम्मत की गई थी। इस दर्दनाक हादसे पर संज्ञान लेते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गहरा शोक व्यक्त किया और अधिकारियों को बचाव अभियानों में तेजी लाने तथा पीड़ितों को हर संभव चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन द्वारा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।













