देहरादून, 14 अक्टूबर।
आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस ने राजीव भवन स्थित प्रदेश मुख्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर पार्टी संगठन को मजबूती प्रदान की। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत की उपस्थिति में कई प्रमुख हस्तियों ने कांग्रेस का दामन थामा। पार्टी में शामिल होने वाले नए चेहरों में सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक अनंतराम चौहान, चकराता से पूर्व प्रत्याशी दर्शन लाल डोभाल तथा पूर्व सैन्य अधिकारी कैप्टन ताजवर सिंह नेगी, कैप्टन नारायण सिंह रावत, कैप्टन गंगा सिंह, कैप्टन हीरा बल्लभ पांडे और कैप्टन सोबन सिंह प्रमुख हैं। पार्टी के शीर्ष नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे कांग्रेस की नीतियों व राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में जनता के बढ़ते भरोसे का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सत्तारूढ़ भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और पलायन की समस्याओं से बेहद त्रस्त है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि भाजपा सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा व सुरक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर पूरी तरह नाकाम रही है और महज कागजी घोषणाएं कर रही है। नेताओं ने दावा किया कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगी और जनता इस बार भाजपा को बेदखल कर कांग्रेस को सेवा का अवसर देगी। इस दौरान विधायक लखपत सिंह बुटोला, लालचंद शर्मा और डॉ. प्रतिमा सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।














