वाराणसी, 14 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने दो दिवसीय काशी दौरे के दौरान बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर लोक कल्याण की कामना की। सबसे पहले वे काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन किए और आरती में भाग लिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और गर्भगृह में जलाभिषेक किया। उन्होंने षोडशोपचार पूजन कर जनकल्याण की प्रार्थना की।
काल भैरव मंदिर परिसर के बाहर मुख्यमंत्री बच्चों से भी मिले। उन्होंने स्नेहपूर्वक बच्चों को चॉकलेट दी और उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में बातचीत की। बच्चे भी उनसे उत्साह और सहजता के साथ बात करते नजर आए।
इस दौरान प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टाम्प मंत्री रविन्द्र जायसवाल, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी तथा विधायक सौरभ श्रीवास्तव और सुनील पटेल भी मौजूद रहे।














