चंडीगढ़, 14 अक्टूबर।
पंजाब के पठानकोट में पुलिस ने दो चरणों में कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपितों को 7.823 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से सीमा पार से संचालित हेरोइन तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमृतसर ग्रामीण के वडाला निवासी गुरपंथ और गुरदासपुर जिले के ध्यानपुर निवासी हरमनजीत कौर के रूप में हुई है। मामले में अन्य लोगों की पहचान, नेटवर्क की कड़ियों और वित्तीय लेन-देन का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पठानकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह के मुताबिक, विशेष शाखा की टीम ने सूचना के आधार पर गुरपंथ को पकड़ा। उसके पास से 590 ग्राम हेरोइन मिली। मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच और पूछताछ से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने फतेहगढ़ चूड़ियां स्थित एक किराए के मकान में छापा मारा। वहां हरमनजीत कौर को गिरफ्तार कर 7.233 किलोग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सीमा पार संबंधों के संकेत मिले हैं। पुलिस को पाकिस्तानी चिह्न वाली विशेष मुहर लगे पैकेट भी मिले हैं। डिजिटल संपर्कों, नशीले पदार्थों की खेप से संबंधित वीडियो, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है, जिससे नेटवर्क के बारे में और जानकारी मिलने की उम्मीद है।














