लखनऊ, 14 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने लखनऊ के चौक स्थित प्रसिद्ध बड़ी काली मंदिर में पूजा-अर्चना करने के उपरांत प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में हो रहे व्यापक बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से राज्य के सभी 75 जनपदों में स्थित प्रमुख शक्तिपीठों के साथ-साथ स्थानीय देवी मंदिरों को पर्यटन विकास योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में बड़ी काली मंदिर के कायाकल्प के लिए सरकार ने 227.83 लाख रुपये से अधिक की राशि मंजूर की है। इसके साथ ही 'मिशन शक्ति' के तहत प्रदेश के 26 प्रमुख मंदिरों में नवरात्रि विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का भव्य शुभारंभ भी किया गया।
प्रदेश में धार्मिक स्थलों के कायाकल्प के उद्देश्य से 19 जिलों के 20 देवी मंदिरों में करीब 83 करोड़ रुपये की लागत से 22 प्रमुख विकास परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें सहारनपुर के मां शाकुंभरी देवी शक्तिपीठ में 39 करोड़ रुपये तथा नैमिषारण्य के ललिता देवी मंदिर में 15.23 करोड़ रुपये की योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के लिए यूपीएसटीडीसी द्वारा लखनऊ से नैमिषारण्य और प्रयागराज से विंध्याचल तक साप्ताहिक पर्यटन पैकेज भी शुरू किए गए हैं। इन बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से न केवल श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन का लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।














