रांची, 14 अक्टूबर।
झारखंड भाजपा कार्यालय में बुधवार को प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल की मौजूदगी में प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों की बैठक हुई। इसमें जनजातीय समाज, संस्कृति और विरासत के संरक्षण तथा विकास से संबंधित राजनीतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समुदाय के सम्मान, अधिकार और कल्याण के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रस्ताव प्रस्तुत किया। बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और विधायक पूर्णिमा साहू ने इसका समर्थन किया। बैठक में जनजातीय भाषाओं, लोककला, पारंपरिक ज्ञान और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के साथ युवाओं के लिए शिक्षा-रोजगार, महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और वन उपज आधारित आजीविका बढ़ाने पर जोर दिया गया।
आदित्य साहू ने कहा कि जनजातीय समाज को बुनियादी सुविधाएं और विकास के अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि झारखंड की प्रगति के बिना विकसित भारत का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और विरासत को जनजातीय स्वाभिमान का प्रतीक बताया।
बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना होना चाहिए। बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।














