सारण, 14 अक्टूबर।
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को आयुक्त कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। निर्वाची पदाधिकारी सह आयुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण के जिला पदाधिकारियों तथा पांचों जिलों के पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
बैठक में मतदान केंद्रों की व्यवस्था, मतदान कर्मियों की नियुक्ति और प्रशिक्षण, मतदान सामग्री, परिवहन, मतपेटियों की सुरक्षा, पुलिस बल की तैनाती और नियंत्रण कक्ष के संचालन की समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी निर्देशों का पालन करने और समन्वय के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने को कहा।
मतपत्र आधारित मतदान के संबंध में अधिकारियों को बताया गया कि मतदाताओं को अपनी पसंद के उम्मीदवारों के सामने अधिमानता क्रम में अंक दर्ज करने होंगे। प्रथम अधिमानता अंकित करना अनिवार्य है, अन्यथा मतपत्र अवैध माना जाएगा। इसके लिए केवल अंतरराष्ट्रीय या रोमन अंकों का उपयोग मान्य होगा। मतदाताओं को इस प्रक्रिया की जानकारी देने पर भी जोर दिया गया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित केंद्र पर की जाएगी। निर्वाचन क्षेत्र के 98 मतदान केंद्रों पर कुल 10,748 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में चुनाव कराने के लिए समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।














