जयपुर, 14 अक्टूबर।
फ्रैंकफर्ट से नई दिल्ली आ रही एअर इंडिया की उड़ान एआई-2030 को बुधवार सुबह हाईजैक अलर्ट मिलने के बाद जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। विमान सुबह करीब 9:45 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर उतरा। सुरक्षा एजेंसियों ने जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई। करीब साढ़े चार घंटे की कार्रवाई के बाद विमान दोपहर 2:24 बजे यात्रियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुआ।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल को विमान से कुछ सेकंड के लिए स्क्वॉक-7500 कोड का संकेत मिला। विमानन क्षेत्र में यह कोड हाईजैक की स्थिति का संकेत देता है। इसके बाद संबंधित एजेंसियों को सूचना दी गई और सुबह करीब 9:10 बजे विमान का मार्ग बदलकर जयपुर की ओर कर दिया गया।
विमान के उतरने के बाद उसे पार्किंग क्षेत्र से दूर आइसोलेशन बे में रखा गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, आतंकवाद निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की। विमान में सवार करीब 300 यात्रियों को सुरक्षित उतारकर टर्मिनल में बैठाया गया। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड की टीम को भी सतर्क रखा गया।
सुरक्षा जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद विमान के तकनीकी रखरखाव से जुड़े इंजीनियरों को भी बुलाया गया। शुरुआती जानकारी में गलती से अलर्ट बटन दबने की आशंका जताई गई थी। बाद में तकनीकी गड़बड़ी से संकेत जारी होने की संभावना भी सामने आई। हालांकि, पूछताछ में पायलट ने गलती से बटन दबाने की बात से इनकार किया। इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विमानन महानिदेशालय अब मामले की जांच करेगा। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि हाईजैक का संकेत देने वाला कोड सक्रिय होने और एयर ट्रैफिक कंट्रोल तक संदेश पहुंचने की वजह क्या थी।














