पश्चिम मेदिनीपुर, 14 अक्टूबर।
जिले के मोहनपुर थाना अंतर्गत आंतला गांव में सेप्टिक टैंक की सफाई और निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें चार लोगों की जान चली गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंगलवार को बदिर मल्लिक अपनी बहन के घर सेप्टिक टैंक का काम निपटाने गए थे, जहां अचानक पैर फिसलने से वह अंदर जा गिरे। उन्हें बचाने के प्रयास में उतरी उनकी बहन सरजिना बीबी, फिर उनके बेटे शेख रबिउल और अंत में बचाने के लिए आगे आए पड़ोसी रिश्तेदार शेख साहेब भी एक-एक करके उसी टैंक में समा गए।
जहरीली गैस या अन्य कारणों से हुए इस सिलसिलेवार हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इस दौरान शेख अबुकलाम नाम का एक अन्य व्यक्ति भी घायल हो गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही मोहनपुर थाने की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मंगलवार देर शाम पुलिस ने चारों शवों को टैंक से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया तथा इस पूरी दुर्घटना के कारणों की गहराई से छानबीन की जा रही है।














