काठमांडू, 15 अक्टूबर।
नेपाल के हुम्ला जिले से तिब्बती भाषा की पढ़ाई के लिए भारत के देहरादून ले जाए जा रहे 10 साल से कम उम्र के 25 बच्चों को भारतीय अधिकारियों ने सीमा पर रोककर वापस नेपाल भेज दिया। यह कार्रवाई बनबसा चेकपोस्ट पर की गई।
जानकारी के अनुसार, ये बच्चे हुम्ला जिले के सिमकोट स्थित सेयरा गांव के रहने वाले हैं। इन्हें पंचपविर बुढ़ा कंचनपुर के गड्डाचौकी नाके से भारत लाया गया था। बनबसा चेकपोस्ट पहुंचने पर भारतीय अधिकारियों ने बच्चों को रोक दिया और नेपाल वापस भेज दिया। बाद में बच्चों को कंचनपुर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बच्चों को ले जाने के उद्देश्य की जांच
बताया जा रहा है कि सभी 25 बच्चों को तिब्बती भाषा की पढ़ाई के लिए देहरादून ले जाया जा रहा था। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उन्हें वहां किस शैक्षणिक संस्थान में दाखिला दिलाने की योजना थी।
बच्चों को भारत ले जाने के लिए उनके अभिभावकों की सहमति ली गई थी या नहीं, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है। कंचनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, बच्चों को भारत ले जाने के उद्देश्य और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।













