बर्लिन, 15 अक्टूबर।
जर्मनी के बोचुम शहर में एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में मंगलवार तड़के लगी भीषण आग में तीन भारतीय नागरिकों की जान चली गई। मृतकों में 25 और 27 वर्ष की दो महिलाएं तथा 26 वर्षीय एक पुरुष शामिल हैं। मामले की जांच कर रही पुलिस ने इसी इमारत में रहने वाले 41 वर्षीय एक व्यक्ति को शुरुआती तौर पर गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान आग लगने के पीछे किसी तकनीकी खराबी की आशंका नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस का संदेह उक्त व्यक्ति पर गहराया। अधिकारियों ने बताया कि आग के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की गई, जिसमें अग्निशमन विशेषज्ञ की मदद भी ली गई।
जांच में यह भी सामने आया कि आग लगने से एक दिन पहले रविवार को एक विवाद के सिलसिले में पुलिस इसी इमारत में पहुंची थी। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पहले हुई घटनाओं और मंगलवार को लगी आग के बीच अब तक कोई संबंध नहीं मिला है। गिरफ्तार व्यक्ति से हत्या के मामलों की जांच करने वाले विशेष पुलिस दल ने पूछताछ की है। बोचुम अभियोजन कार्यालय के निर्देश पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस और अभियोजन अधिकारी आग लगने की परिस्थितियों, तीनों भारतीय नागरिकों की मौत के कारणों तथा गिरफ्तार व्यक्ति की कथित भूमिका का पता लगाने में जुटे हैं।













