राजनाथ सिंह ने कहा कि प्राकृतिक आपदा बड़ी चुनौती होती है, लेकिन लोगों को हिम्मत और साहस बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को इस संकट से उबरने में हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
10 हजार राहत पैकेट बांटने की व्यवस्था
राजनाथ सिंह ने फैजुल्लागंज क्षेत्र में 10 हजार राहत पैकेट वितरित करने की व्यवस्था करने की बात कही। विधायक डॉ. नीरज बोरा को इनके वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने राहत कार्य में सहयोग के लिए अक्षय पात्र के सदस्यों का विशेष आभार भी जताया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण
गोमती नदी में आई बाढ़ से फैजुल्लागंज के निवासी प्रभावित हुए हैं। इसी को देखते हुए लखनऊ पहुंचने के बाद राजनाथ सिंह सबसे पहले इसी क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने राहत शिविर का निरीक्षण किया और प्रभावित इलाके की स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी विशाख जी और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने उन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा वहां की स्थिति के बारे में विस्तार से बताया।
इससे पहले चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और अन्य नेताओं ने राजनाथ सिंह का स्वागत किया। उनके साथ महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, एमएलसी मुकेश शर्मा और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी भी मौजूद रहे।














