प्योंगयांग, 15 अक्टूबर।
उत्तर कोरिया ने पनडुब्बियों से दागी जाने के लिए तैयार की गई क्रूज मिसाइलों का परीक्षण करने की घोषणा की है। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया के साथ कूटनीतिक बातचीत लंबे समय से ठप है और प्योंगयांग अपनी सैन्य क्षमताओं का विस्तार कर रहा है।
उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया के अनुसार, सेना ने बुधवार को देश के पूर्वी समुद्री क्षेत्र में दो प्रकार की क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया। हालांकि, रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि मिसाइलें वास्तविक पनडुब्बी से दागी गई थीं या पानी के भीतर मौजूद किसी परीक्षण मंच से उनका प्रक्षेपण किया गया।
इस परीक्षण को लेकर दक्षिण कोरिया की सेना की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।













