देवप्रयाग, 15 अक्टूबर।
उत्तराखंड के देवप्रयाग में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही मारुति सुजुकी वैगनआर ग्राम पाली में रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। दुर्घटनास्थल देवप्रयाग से श्रीनगर की ओर लगभग चार किलोमीटर दूर है। हादसे के समय कार में चालक सहित पांच लोग मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलने पर बचाव दल मौके पर पहुंचा। हालांकि, उससे पहले जिला पुलिस और स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को खाई से निकाल लिया था। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी पहचान रुद्रप्रयाग जिले के लाडोली निवासी उत्तम सिंह (33), बीना गांव निवासी टीशा रावत (18) और सुनीता देवी (45) के रूप में हुई है।
घायलों को अस्पताल भेजने के बाद बचाव दल ने दुर्घटनाग्रस्त कार में फंसे एक पुरुष और एक महिला के शव बाहर निकाले। मृतकों की पहचान चमोली जिले के किमखाल निवासी सत्येश्वरी देवी (72) और कार चालक अनिल के रूप में हुई है। चालक का पूरा नाम और पता उपलब्ध नहीं हो सका है। घटनास्थल की दुर्गम भौगोलिक स्थिति और नदी के रास्ते की चुनौती के कारण शवों को राफ्ट की मदद से नदी पार कर देवप्रयाग लाया गया। इसके बाद दोनों शव आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिए गए। हादसे के कारणों का विवरण सामने नहीं आया है। दुर्घटना में दो लोगों की जान जाने से क्षेत्र में शोक का माहौल है।














