गांधीनगर, 15 अक्टूबर।
गुजरात के गांधीनगर जिले के छत्राल औद्योगिक क्षेत्र (जीआईडीसी) स्थित एक रासायनिक कंपनी में हुए हादसे में चार श्रमिकों की मौत हो गई। बताया गया है कि गर्म रसायन की पाइप फटने से श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गांधीनगर के पुलिस अधीक्षक रवि तेजा वासमसेट्टी ने घटना की पुष्टि की है।
पाइप में अधिक दबाव से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कलोल तालुका के छत्राल जीआईडीसी के फेज-4 स्थित कोविका डाइज एंड इंटरमीडिएट्स नामक रासायनिक कंपनी में 70 से 80 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले गर्म रसायन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान कुछ श्रमिक पाइप फिट करने का काम कर रहे थे। तभी अधिक दबाव के कारण पाइप फट गई और गर्म रसायन श्रमिकों के शरीर पर गिर गया। हादसे में चार श्रमिकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान विनोद कुमार सिंह, लक्ष्मण मीणा, सिकंदर देहरी और टेड़ा देहरी के रूप में हुई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस, अग्निशमन विभाग और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
हादसे के बाद कंपनी में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और संभावित लापरवाही के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
पुलिस अधीक्षक रवि तेजा वासमसेट्टी के अनुसार, कंपनी में बॉयलर फटने से चार लोगों की मौत हुई और आग भी लगी। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।














