नई दिल्ली, 16 अक्टूबर।
दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके को उनके आवास के बाहर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शुक्रवार शाम पांच बजे कनॉट प्लेस में प्रस्तावित पार्टी के ‘तिरंगा लहराओ’ मार्च से कुछ घंटे पहले उन्हें प्रदर्शन नहीं करने का नोटिस भी दिया।
यह मार्च शाम पांच बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क से शुरू होना था। सीजेपी ने सौरव दास और आशुतोष रांका की रिहाई की मांग को लेकर यह आयोजन रखा था। पार्टी ने कथित चुनावी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की।
दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू होने का हवाला देकर मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
इस बीच, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने शुक्रवार और शनिवार को सेंट्रल पार्क आम लोगों के लिए बंद रखने की घोषणा की है।
प्रदर्शन को लेकर सीजेपी ने समर्थकों से पांच से कम लोगों के समूह में कनॉट प्लेस पहुंचने की अपील की थी। पार्टी ने उनसे राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी तस्वीर लेने और आयोजन स्थल से बाहर निकलने के बाद उसे सामाजिक माध्यमों पर साझा करने को कहा था।














