मुंबई, 17 अक्टूबर।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले के कन्नड़ शहर में स्थित एक मदरसे में अरंडी के बीज खाने से 23 छात्र बीमार पड़ गए। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मदरसे के एक छात्र ने अरंडी के बीजों को बादाम समझकर खा लिया। उसे देखकर अन्य छात्रों ने भी बीज खा लिए। रात में बच्चों को मितली और पेट दर्द की शिकायत होने लगी, जिसके बाद सभी को तत्काल कन्नड़ ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। बीमार छात्रों की उम्र 10 से 16 वर्ष के बीच बताई गई है। घटना हिवरखेड़ा रोड स्थित मदरसे की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती तौर पर बीज खाने के बाद तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है।अस्पताल में भर्ती सभी 23 छात्रों का चिकित्सकीय निगरानी में उपचार जारी है। इनमें से पांच छात्रों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया है, जबकि बाकी छात्रों का इलाज सामान्य वार्ड में किया जा रहा है। अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ के अनुसार, छात्रों को फूड पॉइजनिंग जैसी स्थिति के चलते भर्ती कराया गया था। पुलिस घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। फिलहाल सभी बीमार बच्चों को चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।













