पश्चिमी सिंहभूम, 17 अक्टूबर।
झारखंड के चाईबासा स्थित गांधी टोला में दुर्गापूजा की स्वर्ण जयंती के अवसर पर तैयार भव्य पंडाल का शुक्रवार रात उद्घाटन किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने संयुक्त रूप से पूजा पंडाल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में नटराज संगीतालय की ओर से प्रस्तुत महिषासुर मर्दिनी के मंचन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पंडाल का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुवा को करना था, लेकिन व्यस्तता के कारण वे शामिल नहीं हो सके। इसके बाद जिला प्रशासन के अधिकारियों ने विधिवत पूजा समारोह की शुरुआत की। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, एसडीओ संजय कुमार, एसडीपीओ बहामन टुटी, सीओ उपेंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता गौतम राणा और विद्युत प्रमंडल चाईबासा के कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समिति के संरक्षक एवं चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने अतिथियों का स्वागत किया।

उपायुक्त मनीष कुमार ने अपने संबोधन में बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से नवरात्र का अनुष्ठान कर रहे हैं। उन्होंने मां दुर्गा की कृपा सभी पर बनी रहने की कामना करते हुए समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करती है। पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने भी जिलेवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं और पंडाल निर्माण में समिति के प्रयासों की प्रशंसा की। नितिन प्रकाश ने बताया कि समिति अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे कर रही है, इसलिए इस अवसर को यादगार बनाने के लिए भव्य पंडाल तैयार किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और भक्तिमय वातावरण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई तथा आयोजन में सहयोग देने वालों का आभार माना। समारोह का मुख्य आकर्षण महिषासुर मर्दिनी का मंचन रहा, जिसमें कलाकारों ने मां दुर्गा और महिषासुर के युद्ध को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समिति सदस्य और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।















