उज्जैन, 17 अक्टूबर।
धर्मनगरी उज्जैन स्थित प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में शनिवार तड़के एक खास माहौल देखने को मिला। छोटे पर्दे पर भगवान शिव का जीवंत अभिनय कर घर-घर में लोकप्रिय हुए अभिनेता मोहित रैना अपनी धर्मपत्नी अदिति के साथ बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे। दोनों ने भस्म आरती में सहभागिता कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह करीब चार बजे मंदिर परिसर पहुंचे दंपति ने नंदी मंडपम में बैठकर पूरी तन्मयता के साथ लगभग दो घंटे चली भस्म आरती का पुण्य लाभ लिया। आरती संपन्न होने के बाद दोनों ने देहरी से ही भगवान महाकाल को प्रणाम किया और फिर पुजारियों के माध्यम से जलाभिषेक किया। इस दौरान पंडित आशीष पुजारी ने परंपरा अनुसार दोनों का आदर-सत्कार किया।
दर्शन के उपरांत अपने अनुभव बयां करते हुए अभिनेता ने कहा कि उनके पास इस दिव्य अनुभूति को व्यक्त करने के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं। बाबा के दर्शन अत्यंत सुखद रहे और वे यही प्रार्थना करते हैं कि महाकाल की कृपा सभी पर बनी रहे। 'देवों के देव महादेव' धारावाहिक के अलावा मोहित 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक' फिल्म तथा 'द फ्रीलांसर', 'मुंबई डायरीज', 'भौकाल', 'काफ़िर' और 'रंगबाज़' सीजन-4 जैसी वेब सीरीज में अपने अभिनय का जादू बिखेर चुके हैं।
आश्विन शुक्ल सप्तमी के पावन अवसर पर तड़के चार बजे मंदिर के कपाट खोले गए। गर्भगृह में स्थापित सभी देव प्रतिमाओं का पूजन करने के पश्चात बाबा महाकाल का पंचामृत से विशेष अभिषेक किया गया, जिसमें दूध, दही, घी, शहद और फलों का रस शामिल रहा। इसके बाद हरिओम जल चढ़ाकर पूजन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
श्रृंगार क्रम में बाबा महाकाल को रजत ओम, रुद्राक्ष माला, बेलपत्र का मुकुट और मनमोहक पुष्प अर्पित किए गए। मस्तक पर त्रिपुंड व त्रिशूल बनाकर भव्य रूप दिया गया तथा आभूषणों से अलंकृत किया गया। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पण के समय समूचा परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नंदी जी के कान में अपनी मनोकामनाएं भी कही।














