खड़गपुर, 17 अक्टूबर।
छोटे कारोबारियों और स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक लोगों को सुविधाजनक मंच देने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) खड़गपुर ने ‘नगर उद्यम’ पहल शुरू की है। इसके तहत सौर ऊर्जा से संचालित ऐसी स्मार्ट वेंडिंग यूनिट विकसित करने की योजना है, जिसे मोटरसाइकिल के पीछे जोड़कर अलग-अलग स्थानों पर ले जाया जा सकेगा। कारोबार खत्म होने के बाद इसे घर वापस ले जाना भी संभव होगा। इससे स्थायी दुकान का किराया और सड़क किनारे ढांचा बनाने का खर्च घट सकता है।
दुर्गापूजा के दौरान संस्थान परिसर में परियोजना के प्रारंभिक मॉडल का उद्घाटन किया गया। पहल की शुरुआत महाषष्ठी पर टेक्नोलॉजी स्टूडेंट्स जिमखाना में हुई। इस अवसर पर निदेशक प्रो. सुमन चक्रवर्ती, खड़गपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिद्धार्थ सिंह डांगी, शिक्षक, कर्मचारी, विद्यार्थी और स्थानीय कारोबारी मौजूद रहे।
तिपहिया वाहन की अवधारणा पर तैयार होने वाली इस गाड़ी से करीब 30 किलोमीटर तक आवागमन की योजना है। हालांकि, सड़क सुरक्षा, वास्तविक संचालन और जरूरी अनुमतियों की जांच बाकी है। इसमें सौर ऊर्जा, बैटरी, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित प्रदर्शन, पानी-तेल के प्रबंधन और कचरे को तीन श्रेणियों में अलग करने की सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
संस्थान की ‘सेतु क्लाउड किचन कनेक्ट’ व्यवस्था के जरिए विक्रेताओं को डिजिटल पहचान, क्यूआर कोड, नकदरहित भुगतान, प्रशिक्षण और वित्तीय सेवाओं से जोड़ने की योजना है। परिसर में परीक्षण के बाद खाद्य सुरक्षा, पर्यावरणीय प्रभाव और ग्राहकों की प्रतिक्रिया का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर पश्चिम बंगाल में स्मार्ट सड़क विक्रेता ढांचा विकसित करने की योजना है, जिससे कम लागत में कारोबार शुरू करने और रोजगार बढ़ाने के अवसर मिल सकें।














