मुरादाबाद, 17 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को मुरादाबाद के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय, यानी मंडलीय जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद वह सिविल लाइंस स्थित पंचायत भवन के सभागार में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। यह सम्मेलन बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो के समर्थन में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें उपमुख्यमंत्री कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ब्रजेश पाठक हेलीकॉप्टर से दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस पहुंचेंगे। वहां से वह मंडलीय जिला अस्पताल जाएंगे और निरीक्षण पूरा करने के बाद पंचायत भवन में कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे। उपमुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उनके दौरे के दौरान प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी, ताकि सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर संपन्न हो सकें।














