Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव
पश्चिम बंगाल
17 Oct, 2026

कोलकाता में दुर्गा पूजा का उल्लास चरम पर, पंडालों में उमड़ी भीड़

महाषष्ठी पर कोलकाता सहित पश्चिम बंगाल के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जबकि प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए।

कोलकाता, 17 अक्टूबर।

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा का उत्साह महाषष्ठी के साथ चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार रात कोलकाता सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में बने पूजा पंडालों में देवी दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नए कपड़ों में सजे लोग देर रात तक पंडालों में पहुंचते रहे और महानगर की सड़कें रोशनी, सजावट तथा उत्सव की रौनक से जगमगाती रहीं। उत्तर से दक्षिण कोलकाता तक श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब, संतोष मित्रा स्क्वायर, कॉलेज स्क्वायर, मोहम्मद अली पार्क, बोसपुकुर शीतला मंदिर, जोधपुर पार्क, सिंघी पार्क, दमदम तरुण दल, दमदम पार्क, अहिरीटोला सार्वजनिन, राजडांगा नबो उदय संघ, एकडालिया एवरग्रीन और टाला प्रत्यय सहित कई प्रमुख पंडालों में दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। कहीं विशाल प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र बनीं, तो कहीं कलात्मक सजावट और अनूठी थीम ने लोगों का ध्यान खींचा। हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व और पश्चिम बर्दवान समेत अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग कोलकाता पहुंचे। गुरुवार की भारी बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम साफ रहने से उत्सव का आनंद और बढ़ गया। पूजा घूमने के साथ लोग सड़क किनारे लगे खाद्य स्टॉल और रेस्तरां में विभिन्न व्यंजनों का लुत्फ उठाते नजर आए।

महाषष्ठी के अवसर पर पूजा पंडालों में कल्पारंभ और देवी दुर्गा के आह्वान के लिए बोधन अनुष्ठान संपन्न हुआ, जिसके साथ उत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अकाल बोधन देवी दुर्गा को महिषासुर के विरुद्ध युद्ध के लिए जागृत करने से जुड़ा है और इसकी पौराणिक कथा भगवान राम द्वारा देवी के आह्वान से संबंधित है। इस दौरान महिलाओं ने परिवार और बच्चों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेशवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तथा भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए। विभिन्न स्थानों पर पुलिसकर्मियों और सिविक वॉलंटियरों की तैनाती की गई, जबकि यातायात व्यवस्था संभालने में एनसीसी कैडेट भी सहयोग कर रहे हैं। पारंपरिक मोहल्ला पूजा से लेकर भव्य थीम आधारित पंडालों तक उत्सव का माहौल बना हुआ है और आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

|
वीडियो फीचर

एशियन पैरा गेम्स 2026 में निरंजन मुकुंदन ने जीता कांस्य पदक, भारत का बढ़ाया गौरव


एशियन पैरा गेम्स में भारत का डबल धमाका, प्रवीण को गोल्ड तो बंटी को सिल्वर

बरगलाने वालों, देश का युवा जागरूक है! 🇮🇳 | कांग्रेस और CJP पर सवाल

एम्स भोपाल की 2 युवा शोधकर्ता स्पेन में करेंगी भारत का नाम रोशन, कुष्ठ रोग पर पेश करेंगी शोध

मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम: तनावमुक्त जीवन का संदेश | मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी

मंत्री प्रहलाद पटेल और राधा सिंह ने सुनीं कार्यकर्ताओं की समस्याएं, समाधान के दिए निर्देश #mpnews

आज का राशिफल

मित्तव्ययता रखें क्योंकि रुपये-पैसों की सुविधा आगे मिले न मिले। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। संतोष रखने से सफलता मिलेगी। जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बना रहेगा। बचते-बचते कलह विवाद का डर बना रहेगा। शुभांक-4-5-7

आज का मौसम

भोपाल

17° / 33°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़