गुवाहाटी, 17 अक्टूबर।
दुर्गा पूजा के उल्लास से गुवाहाटी में उत्सवी माहौल बना हुआ है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आकर्षक पंडालों और प्रतिमाओं का अनावरण किया गया। पूजा स्थलों पर दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इस बार कई समितियों ने विशेष विषयों पर आधारित सजावट और अनूठे आयोजन किए हैं।
मालीगांव के सती जयमती नगर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति ने अपने 25वें वर्ष में प्रवेश किया है। रजत जयंती पर यहां दक्षिण भारत के प्राचीन शिव मंदिर की थीम रखी गई है। रेस्ट कैंप कालीबाड़ी की पूजा 78वें वर्ष में पहुंच गई है। यहां 18 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण सांसद भुवनेश्वर कलिता ने किया और स्मारिका का विमोचन भी हुआ।
पांडू कॉलेज गेट सुभाष नगर की पूजा का यह 52वां वर्ष है। प्रदीप राय, देब्रत दे और सुब्रत दे ने प्रतिमा का अनावरण किया। यहां पहली बार डिजिटल पद्धति से अनावरण की व्यवस्था आकर्षण रही। पांडू रिवर साइट इंस्टीट्यूट कॉलोनी की 116वीं दुर्गा पूजा में चाय बागान की थीम चुनी गई। पंचमी पर गोविंद महाराज ने प्रतिमा का अनावरण किया।
मालीगांव कालीबाड़ी की पूजा 76वें वर्ष में प्रवेश कर गई है। यहां जैव विविधता को विषय बनाया गया। उद्घाटन पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव और उनकी पत्नी शालिनी श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों, अजय पोद्दार और पूजा समिति के सदस्यों सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।














