हीरानगर, 17 अक्टूबर।
कठुआ जिले को टीबी मुक्त बनाने के अभियान को गति देने के लिए हीरानगर में स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता एवं पंजीकरण संबंधी बैठक आयोजित की। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राधा कृष्ण की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में हीरानगर के एसडीएम फूलैल सिंह, ब्लॉक मेडिकल अधिकारी डॉ. रोमी शर्मा, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के कर्मचारी, एनसीसी कैडेट और माय भारत के स्वयंसेवक शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुरू की गई ‘जोश टीम पहल’ के बारे में जानकारी देना और अधिकारियों, एनसीसी कैडेटों तथा स्वयंसेवकों का पंजीकरण सुनिश्चित करना था। प्रतिभागियों को इस पहल के उद्देश्यों और उपयोगिता से अवगत कराते हुए टीबी मुक्त भारत ऐप पर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि सामुदायिक भागीदारी बढ़ाकर टीबी उन्मूलन के प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। बैठक में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा भी की गई और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति पर चर्चा हुई।
एसडीएम फूलैल सिंह ने टीबी उन्मूलन अभियान की प्रगति का जायजा लेते हुए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को एनटीईपी की गतिविधियों और टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में इस बात पर सहमति जताई गई कि जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के साथ शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों, एनसीसी कैडेटों और माय भारत के स्वयंसेवकों को अभियान से जोड़कर जनजागरूकता बढ़ाने तथा टीबी के खिलाफ सामूहिक प्रयास मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक का उद्देश्य लोगों को अभियान से जोड़ने, पंजीकरण बढ़ाने और विभिन्न विभागों के सहयोग से टीबी उन्मूलन के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में प्रयास तेज करना रहा।














