कोलकाता, 17 अक्टूबर।
दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे ने दो मार्गों पर विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन सेवाओं से त्योहार के समय यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को सुविधा मिलेगी। रेलवे ने चेन्नई एग्मोर-संतरागाछी और संतरागाछी-केंडुआपाड़ा के बीच ट्रेनों का समय जारी किया है।
ट्रेन संख्या 06031 चेन्नई एग्मोर-संतरागाछी स्पेशल 17 अक्टूबर 2026 को रात 11:50 बजे चेन्नई एग्मोर से रवाना होकर 18 अक्टूबर को सुबह 7:45 बजे संतरागाछी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 06032 संतरागाछी से 19 अक्टूबर को सुबह 10:45 बजे चलेगी और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे चेन्नई बीच स्टेशन पहुंचेगी। इस सेवा का ठहराव खड़गपुर और बालेश्वर में होगा।
दूसरी ओर, ट्रेन संख्या 08041 संतरागाछी-केंडुआपाड़ा स्पेशल 17 और 18 अक्टूबर को सुबह 7:30 बजे रवाना होकर उसी दिन दोपहर 2 बजे गंतव्य पहुंचेगी। वापसी की ट्रेन संख्या 08042 इन्हीं तारीखों पर दोपहर 3:40 बजे केंडुआपाड़ा से चलेगी और रात 10:30 बजे संतरागाछी पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ठहराव उलुबेड़िया, बागनान, मेचेदा, पांशकुड़ा, बालिचक, खड़गपुर, हिजली, बेलदा, दांतान, लक्षणनाथ रोड, जलेश्वर, अमर्दा रोड, बस्ता, रूपसा, हल्दीपाड़ा, बालेश्वर, नीलगिरि रोड, बाहानागा बाजार, सोरो और मारकोना स्टेशनों पर होगा।














